उप्र : कुशीनगर में दादी के अंतिम संस्कार में आए किशोर की नदी में डूबने से मौत

Ads

उप्र : कुशीनगर में दादी के अंतिम संस्कार में आए किशोर की नदी में डूबने से मौत

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 05:05 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 05:05 PM IST

कुशीनगर, 25 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पडरौना कोतवाली क्षेत्र में दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए एक किशोर की बांसी नदी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

पुलिस के अनुसार देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के पकड़ी छपरा पटखौली निवासी मनोज रौनियार की मां लालमुनी देवी का रविवार को निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार करने के लिए परिजन सोमवार अपराह्न करीब तीन बजे पडरौना कोतवाली क्षेत्र स्थित बांसी नदी पहुंचे थे।

इसी दौरान मनोज रौनियार का 16 वर्षीय बेटा प्रियांशु रौनियार नदी में स्नान करने लगा। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

अंतिम संस्कार में शामिल लोगों ने उसे बेहोशी की हालत में नदी से बाहर निकाला और कुशीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए। बाद में परिजन शव को देवरिया ले गए और पटना पुल के पास छोटी गंडक नदी के किनारे किशोर का अंतिम संस्कार कर दिया।

पडरौना कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि परिजन किशोर का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत