अलीगढ़, तीन मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के सुरक्षा कर्मचारियों ने शनिवार देर रात विश्वविद्यालय परिसर में अवैध रूप से गाड़ी चलाने के आरोप में तीन लोगों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
एएमयू के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में थे और उन्होंने एक छात्र के दोपहिया वाहन से उनकी कार के टकराने के बाद हंगामा किया।
विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर नावेद खान ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे ‘भारत सरकार’ का स्टिकर लगी एक कार ने विश्वविद्यालय के पुस्तकालय के सामने वाली सड़क पर एक छात्र के दोपहिया विहान को टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं लगी लेकिन वहां हंगामा मच गया और कुछ छात्र मौके पर जमा हो गए।
खान ने बताया कि कर सवार लोगों ने पीड़ित छात्र और वह मौजूद कुछ अन्य लोगों से मारपीट की।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मारपीट कर रहे लोगों को पकड़ लिया।
खान ने बताया कि आरोपियों की पहचान प्रशांत कौशिक, अजय चौधरी और हिमांशु राजपूत के रूप में हुई है, जिन्हें पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
प्रॉक्टर ने बताया कि विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मचारियों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार आरोपियों में से एक व्यक्ति केंद्र सरकार का कर्मचारी है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ शनिवार देर रात सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
भाषा सं सलीम जितेंद्र
जितेंद्र