कुशीनगर, 16 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में मंगलवार सुबह टैंकर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई टक्कर में दंपति समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब सात बजे रामकोला थाना क्षेत्र के खोटही निर्भया ग्राम के पास हुआ।
पुलिस ने बताया कि कप्तानगंज की ओर से आ रही मोटरसाइकिल की नेबुआ की तरफ से आ रहे टैंकर से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसे में मोटरसाइकिल सवार रामलखन मद्धेशिया (38) और उनके बेटे रौनक मद्धेशिया (11) की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि रामलखन की पत्नी शशिकला (35) और बेटी लाडो (14) को इलाज के लिए कप्तानगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने शशिकला को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल लाडो को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज स्थानांतरित किया गया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खड्डा के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है।
उन्होंने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द मनीषा जितेंद्र
जितेंद्र