उप्र: बाल यौन शोषण के वीडियो बेचने और देह व्यापार गिरोह चलाने के आरोप में महिला समेत दो गिरफ्तार
उप्र: बाल यौन शोषण के वीडियो बेचने और देह व्यापार गिरोह चलाने के आरोप में महिला समेत दो गिरफ्तार
भदोही (उप्र), 18 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में फर्जी ‘व्हाट्सऐप ग्रुप’ के जरिये बाल यौन शोषण के वीडियो बेचने और देह व्यापार गिरोह चलाने के आरोप में शनिवार को एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों की पहचान भदोही जिले के निवासी शशिपाल सिंह (40) और मनीता यादव (30) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सिंह ने कथित तौर पर ‘‘पंजाबी सिमरन’’ के नाम से एक फर्जी ‘व्हाट्सऐप ग्रुप’ बनाया था। उसने बताया कि सिंह खुद को सिमरन नाम की महिला बताकर समूह के सदस्यों को बाल यौन शोषण के वीडियो बेचता था।
आरोप है कि इस ‘व्हाट्सऐप ग्रुप’ का इस्तेमाल देह व्यापार के लिए ग्राहकों से संपर्क करने में भी किया जाता था और इसमें महिलाओं की तस्वीरें एवं वीडियो साझा किए जाते थे। यादव महिलाओं की कथित तौर पर ‘‘आपूर्ति’’ करती थी और देह व्यापार गिरोह से जुड़े वित्तीय लेन-देन संभालती थी।
अग्रवाल ने बताया कि लापता और शोषित बच्चों के लिए राष्ट्रीय केंद्र (एनसीएमईसी) से मिली सूचना के बाद जांच शुरू की गई। ऑनलाइन बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री की पहचान करने के लिए इस अमेरिकी संस्था की केंद्रीय गृह मंत्रालय और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के साथ सूचनाएं साझा करने की व्यवस्था है।
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने ‘व्हाट्सऐप ग्रुप’ से जुड़े आईपी पते और मोबाइल नंबर का पता लगाया जो सिंह के नाम पर मिले।
पुलिस ने सिंह के मोबाइल फोन से ‘व्हाट्सऐप ग्रुप’ से जुड़ी जानकारियां और उसके सदस्यों को कथित तौर पर बाल यौन शोषण के वीडियो बेचे जाने के साक्ष्य बरामद किए।
अधिकारी ने बताया कि मोबाइल फोन में मौजूद बातचीत और वित्तीय लेन-देन की जांच के दौरान पुलिस ने कथित सहयोगी के रूप में यादव की पहचान की। महिला पुलिस दल ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
ज्ञानपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि ‘व्हाट्सऐप ग्रुप’ से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है और दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
भाषा सं आनन्द
सिम्मी
सिम्मी

Facebook


