वाराणसी (उप्र), 22 मई (भाषा) वाराणसी में गंगा नदी में नहाते समय ‘बीयर’ पीते एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद शुक्रवार को एक प्राथमिकी दर्ज की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अतुल अंजान त्रिपाठी ने कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया गया।
त्रिपाठी ने कहा, ‘‘ इस वीडियो में व्यक्ति को गंगा नदी में खुलेआम बीयर पीते हुए देखा जा सकता है।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा नेता शशांक त्रिपाठी की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है तथा वीडियो और घटना के स्थान की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी युवक बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला बताया जा रहा है जिसकी गिरफ्तारी के लिए एक टीम बिहार रवाना की जा रही है । उसने कहा कि आरोपी को जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
त्रिपाठी ने लोगों से अपील की कि चूंकि गंगा करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है इसलिए कोई भी ऐसा कार्य न करें जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो।
एसीपी ने बताया कि पुलिस लगातार जांच कर रही है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
इस मामले से कुछ माह पहले गंगा में बिरयानी खाने का मामला सामने आया था जिसमें 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया था। हाल में उच्च न्यायालय ने कुछ युवकों को जमानत पर रिहा कर दिया।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार
राजकुमार