कौशांबी में आग लगने से आठ बीघे में फैली गेहूं की फसल जलकर राख

कौशांबी में आग लगने से आठ बीघे में फैली गेहूं की फसल जलकर राख

कौशांबी में आग लगने से आठ बीघे में फैली गेहूं की फसल जलकर राख
Modified Date: April 16, 2026 / 10:44 pm IST
Published Date: April 16, 2026 10:44 pm IST

कौशांबी (उप्र), 16 अप्रैल (भाषा) कौशांबी जिले के महेवा घाट थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार को हार्वेस्टर मशीन से निकली चिंगारी के कारण आग लगने से करीब आठ बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह घटना दोपहर में पौर गांव में उस समय हुई, जब पूरब शरीरा गांव निवासी सुधाकर गर्ग के खेत में गेहूं की कटाई की जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक, हार्वेस्टर मशीन से निकली चिंगारी फसल पर गिर गई, जिससे देखते ही देखते आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और आसपास के खेतों में फैल गई।

स्थानीय किसानों और मजदूरों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

सुधाकर गर्ग ने बताया, ‘‘ग्रामीणों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी, लेकिन जब तक दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, तब तक लगभग आठ बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जल चुकी थी।’’

अग्निशमनकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे अन्य खड़ी फसलों तक फैलने से रोक लिया।

अधिकारियों ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है।

भाषा सं जफर खारी

खारी


लेखक के बारे में