कौशांबी (उप्र) एक अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र में रविवार को घर के बाहर लगे पेड़ की डाल गिरने से दो महिलाएं दब गई जिसमें एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) समर बहादुर सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के गंभीरा पूर्व गांव निवासी अमरनाथ गुप्ता के घर के बाहर एक बड़ा सा पुराना पीपल का पेड़ है। उन्होंने बताया कि आज दोपहर बाद अमरनाथ की पत्नी शांति देवी (30) पड़ोसी महिला के साथ उसके नीचे बैठी थी कि तभी अचानक पेड़ की बड़ी सी डाल टूट कर दोनों पर गिर गयी जिससे दोनो महिलायें उसमें दब गयी ।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला और परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल गए, जहां उपचार के दौरान शांति देवी की मौत हो गई।
एसएचओ ने कहा कि घायल महिला का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि शांति देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है।
भाषा सं आनन्द रंजन
रंजन