भदोही में शादी के पांच दिन पहले युवती का अपहरण, छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

भदोही में शादी के पांच दिन पहले युवती का अपहरण, छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - April 20, 2026 / 10:23 AM IST,
    Updated On - April 20, 2026 / 10:23 AM IST

भदोही (उप्र), 20 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में पुलिस ने एक दलित महिला को उसकी शादी से पांच दिन पहले कथित तौर पर अगवा करने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव त्यागी ने बताया कि युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने सुरियांवा थाना क्षेत्र के फत्तूपुर गांव निवासी तेजू बिन्द, उसके पिता शेषधर और मां मेवाती बिन्द, शिवम् बिन्द, साहब लाल और रामनाथ बिंद समेत छह लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87 (अपहरण), 351(3) (गंभीर आपराधिक धमकी), 352( शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) और अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (एससी/एसटी एक्ट) के तहत रविवार शाम मामला दर्ज किया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अशोक मिश्रा को मामले की विवेचना और युवती की बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार युवती का अपहरण 15 अप्रैल को किया गया जब परिवार के लोग घर से बाहर गए थे। इसके पहले भी छह अप्रैल की रात को उसका अपहरण किया गया था।

त्यागी ने बताया कि युवती की शादी 20 अप्रैल को होनी थी और तैयारियां की जा रही थीं। उन्होंने बताया छह और सात अप्रैल की दरमियानी रात तेजू बिन्द ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर युवती को अगवा कर लिया था।

शिकायत में कहा गया कि परेशान परिजन को काफी खोजबीन के बाद बेटी के प्रयागराज में होने की सूचना मिली। पांच दिन बाद 12 अप्रैल को परिवार के लोगों ने युवती को एक कमरे में पाया और उसे वहां से निकालकर वापस घर ले आए।

चूंकि घटना के कुछ ही दिन बाद उसकी शादी होनी थी इस वजह से कोई कार्रवाई नहीं की गई थी और न ही कोई शिकायत दर्ज कराई गई थी।

भाषा सं आनन्द वैभव शोभना

शोभना