बिजनौर (उत्तर प्रदेश), 12 जून (भाषा) बिजनौर जिले के एक व्यक्ति ने मुंबई में काम करने के दौरान प्रेम संबंध में आई एक महिला की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी और शव को खेत में दफना दिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अभय कुमार पांडेय ने बताया कि मंडावर थाना क्षेत्र के सैफपुर खादर गांव निवासी फैसल मुंबई के जोगेश्वरी क्षेत्र के आनंद नगर में एक सैलून में काम करता था। वहीं उसकी मुलाकात बड़ी मस्जिद क्षेत्र निवासी फकीर अहमद की पुत्री सना (35) से हुई, जो एक अस्पताल में नर्स थी।
पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए थे और सना ने अपने पति से तलाक भी ले लिया था।
सीओ ने बताया कि जब फैसल अपने गांव बिजनौर लौट आया, तो सना भी कथित तौर पर 29 मई को उसके पीछे-पीछे वहां पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक, सना फैसल पर शादी करने का दबाव बना रही थी।
उन्होंने बताया कि फैसल कथित तौर पर सना को मोटरसाइकिल से फतेहपुर सभाचंद गांव के पास स्थित एक सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को एक खेत में दफना दिया।
सना के लापता होने की शिकायत दो जून को मुंबई में दर्ज कराई गई थी। इसके बाद मुंबई पुलिस की एक टीम बिजनौर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच कर रही है।
सीओ ने बताया कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर शव बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी