सहारनपुर (उप्र), 23 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश केसहारनपुर जिले के बेहट इलाके के जंगल से एक महिला का शव बरामद किया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि बेहट थाना क्षेत्र के पुजनेकी गांव में फर्कपुर नवादा गांव की रहने वाली कविता (43) का शव रविवार की रात पाया गया। उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह का पता चलेगा।
पुलिस क्षेत्राधिकारी एस एन वैभव पांडेय ने बताया कि कविता रविवार को पड़ोस में एक शादी में शामिल होने के बाद घर लौटी थी और बाद में भैंसों के लिए चारा लेने पास के जंगल में गई थी।
उन्होंने बताया कि कविता जब वापस नहीं आई तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की मगर कोई कामयाबी नहीं मिली।
पांडेय ने बताया कि देर शाम जंगल में एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना मिलने पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की गई।
उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने इस घटना की जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की।
अधिकारी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं. सलीम मनीषा रंजन
रंजन