बिजनौर (उप्र), 23 सितंबर (भाषा) बिजनौर जिले के नूरपुर थाना क्षेत्र में रामगंगा पोषक नहर के पास गन्ने के खेत में बुधवार को एक महिला का शव मिला और पास ही लगभग दो वर्षीय बच्ची रोती मिली।
क्षेत्राधिकारी (चांदपुर) देश दीपक सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह रोशनपुर गांव के ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना दी।
उन्होंने बताया कि महिला के गले में दुपट्टा बंधा था। उन्होंने बताया कि मृतका की उम्र करीब 25-26 वर्ष है।
सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि उसे गला दबाकर मारा गया और शरीर पर झुलसने के निशान हैं।
उन्होंने बताया कि शव के पास दो वर्षीय एक बच्ची रोती मिली, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस शव की शिनाख्त और बच्ची की पहचान का प्रयास कर रही है।
भाषा सं राजेंद्र शफीक
शफीक
शफीक