मुंबई, 23 सितंबर (भाषा) भारत के खुदरा क्षेत्र में अगस्त में सालाना आधार पर 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। रिटेलर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आरएआई) के एक कारोबारी सर्वेक्षण में यह जानकारी दी गई है।
आरएआई ने कहा कि जुलाई में मजबूत सुधार के बाद प्रमुख क्षेत्रों और श्रेणियों में उपभोक्ता मांग स्थिर बनी हुई है, जिससे आगामी त्योहारी मौसम के लिए उद्योग की तैयारी मजबूत होने के संकेत मिलते हैं।
अगस्त में पश्चिम भारत में खुदरा बिक्री 11 प्रतिशत बढ़ी, जो सभी क्षेत्रों में सबसे अधिक रही। दक्षिण भारत में बिक्री 10 प्रतिशत बढ़ी, जबकि पूर्वी और उत्तरी भारत में क्रमशः आठ और नौ प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
सर्वेक्षण के अनुसार, रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी श्रेणियां वृद्धि की प्रमुख वजह रहीं। त्वरित सेवा रेस्तरां (क्यूएसआर) में 15 प्रतिशत और खाद्य एवं किराना क्षेत्र में 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
कपड़ों की बिक्री 10 प्रतिशत और जूते-चप्पल की बिक्री आठ प्रतिशत बढ़ी। टिकाऊ उपभोक्ता सामान और इलेक्ट्रॉनिक्स में करीब सात प्रतिशत की वृद्धि रही।
आरएआई के अनुसार, अप्रैल में सात प्रतिशत की वृद्धि के बाद खुदरा बिक्री की रफ्तार मई में घटकर पांच प्रतिशत रह गई थी। इसके बाद जून में छह प्रतिशत, जुलाई में आठ प्रतिशत और अगस्त में 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
आरएआई के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कुमार राजगोपालन ने कहा कि अप्रैल के बाद रफ्तार धीमी हुई थी, लेकिन जुलाई से स्पष्ट सुधार देखने को मिला है।
उन्होंने कहा कि अगस्त का प्रदर्शन आगामी त्योहारी मौसम की अच्छी शुरुआत का संकेत देता है और अब उद्योग का ध्यान मांग के अनुरूप तैयारी तथा भंडार प्रबंधन पर है।
उन्होंने कहा कि भारत में घरेलू खपत मजबूत बनी हुई है, लेकिन वैश्विक व्यापक आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए आरएआई सतर्क रुख अपना रहा है।
भाषा योगेश अजय
अजय