गोरखपुर (उप्र), 27 मई (भाषा) गोरखपुर जिले में एक महिला की शादी कहीं और तय होने का बात सुनकर कथित तौर पर उसके घर को आग लगाने को लेकर 24 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि यह घटना मंगलवार देर रात चिलुआताल क्षेत्र में घटी जिसमें मकान में रखा एक स्कूटर और कपड़े जल गए।
पुलिस के मुताबिक, चिलुआताल थानाक्षेत्र के सिकतौर मणिराम गांव के रोहित साहनी पहले से इस महिला के संपर्क में था, लेकिन महिला की शादी कहीं और तय होने के बाद उसने उससे बातचीत करना बंद कर दिया था।
पुलिस के अनुसार इस घटना से आक्रोशित रोहित मंगलवार रात करीब डेढ़ बचे अपने दो साथियों- करन और अरुण को लेकर महिला के घर पहुंचा और तीनों ने कथित तौर पर मकान पर पेट्रोल छिड़का एवं आग लगाकर भाग गए।
पुलिस का कहना है कि लेकिन आग लगने के बाद परिजन किसी तरह सुरक्षित बच निकले और पड़ोसियों की मदद से आग बुझाई।
पुलिस में की गई शिकायत में पीड़िता के भाई ने आरोप लगाया कि रोहित ने पूरे परिवार को जान से मारने की भी धमकी दी थी।
चिलुआताल के थाना प्रभारी सूरज सिंह ने कहा कि शिकायत के तुरंत बाद प्राथमिकी दर्ज की गई और मुख्य आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि दो अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
भाषा सं राजेंद्र
राजकुमार
राजकुमार