योगी ने उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान प्रभावित जनपदों में राहत कार्य तेजी से चलाने के निर्देश दिए

Ads

योगी ने उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान प्रभावित जनपदों में राहत कार्य तेजी से चलाने के निर्देश दिए

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 11:00 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 11:00 PM IST

लखनऊ, 14 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जनपदों में आंधी-तूफान, ओलावृष्टि तथा आकाशीय बिजली से आयी आपदा के दृष्टिगत राहत कार्य तेजी से चलाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने आपदा में दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को अनुमन्य चार लाख रुपये की राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिए हैं।

एक सरकारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित जनपदों के प्रभारी मंत्रियों से अपेक्षा की है कि वे अपने प्रभार वाले जनपदों में तत्काल पहुंचकर राहत कार्यां का निगरानी करते हुए इनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं।

उन्होंने कहा कि राहत कार्यां के सम्बन्ध में यदि शासन स्तर से किसी अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता हो, तो संबंधित मंत्री तत्काल अवगत कराएं, ताकि प्राथमिकता पर व्यवस्था की जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार आपदा प्रभावित लोगों के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ी है।

उन्होंने आपदा प्रभावित जनपदों के जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों को अविलम्ब सहायता पहुंचाने के निर्देश देते हुए कहा है कि बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं का प्राथमिकता के आधार पर सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने आपदा में जान गंवाने वाले व्यक्तियों के परिजनों को अनुमन्य चार लाख रुपये की राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पशुहानि पर प्रभावितों को अनुमन्य सहायता दिए जाने के निर्देश भी दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने राहत आयुक्त कार्यालय (नियंत्रण कक्ष) को निरन्तर क्रियाशील रखते हुए राहत एवं सहायता कार्यां की सतत निगरानी के निर्देश दिए।

राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार उत्तर प्रदेश में विगत 24 घण्टे में खराब मौसम के कारण 26 जनपदों में आंधी-तूफान, ओलावृष्टि तथा आकाशीय बिजली से 111 जनहानि, 170 पशुहानि तथा 200 मकान क्षति की घटनाएं हुई हैं तथा 72 लोग घायल हुए हैं।

विवरण के अनुसार जनपद प्रयागराज में 21, मीरजापुर में 19, फतेहपुर में 11 तथा संत रविदास नगर में 16 जनहानि हुई हैं।

भाषा जफर राजकुमार

राजकुमार