योगी आदित्यनाथ ने डॉ. तेज प्रताप शाही की स्मृति में कंप्यूटर प्रयोगशाला का उद्घाटन किया
योगी आदित्यनाथ ने डॉ. तेज प्रताप शाही की स्मृति में कंप्यूटर प्रयोगशाला का उद्घाटन किया
गोरखपुर (उप्र) छह अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के शैक्षणिक संस्थान दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में आधुनिक प्रयोगशाला का उद्घाटन किया।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक कि यह प्रयोगशाला पीजी कॉलेज के पूर्व शिक्षक डॉ. तेज प्रताप शाही की स्मृति में उनके परिवार की तरफ से बनवाई गई है।
मुख्यमंत्री ने उद्घाटन समारोह में कहा कि यह कंप्यूटर प्रयोगशाला उभर रही प्रौद्योगिकियों, शोध-अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने में विद्यार्थियों के लिए काफी मददगार साबित होगी।
कार्यकम में मुख्यमंत्री ने ‘बच्चा बाबू’ के नाम से मशहूर रहे डॉ. तेज प्रताप शाही की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए कंप्यूटर प्रयोगशाला बनाने के उनके परिवार की पहल को सराहा।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रोफेसर एवं महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के वरिष्ठ सदस्य डॉ. शाही की स्मृतियों को नमन करने के लिए आयोजित किया गया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डॉ. शाही गोरखपुर कांग्रेस के अध्यक्ष थे। केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। एक समय राज्य व केंद्र, दोनों जगह कांग्रेस सरकार थी। पर, कांग्रेस के साथ रहते हुए भी डॉ. शाही गोरक्षपीठ के अनन्य भक्त थे। गोरक्षपीठ के मूल्यों और आदर्शों के प्रति उनकी अटूट निष्ठा थी।
उन्होंने कहा कि डॉ. शाही पूज्य महाराज ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी (गोरक्षपीठ के पूर्व महंत) के साथ सदैव खड़े रहने वाले लोगों में थे।
भाषा सं आनन्द धीरज
धीरज

Facebook


