योगी ने प्रधानमंत्री मोदी को सरकार प्रमुख के तौर पर रिकॉर्ड 8,931 दिन पूरे करने पर बधाई दी

योगी ने प्रधानमंत्री मोदी को सरकार प्रमुख के तौर पर रिकॉर्ड 8,931 दिन पूरे करने पर बधाई दी

योगी ने प्रधानमंत्री मोदी को सरकार प्रमुख के तौर पर  रिकॉर्ड 8,931 दिन पूरे करने पर बधाई दी
Modified Date: March 22, 2026 / 09:15 pm IST
Published Date: March 22, 2026 9:15 pm IST

लखनऊ, 22 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सरकार प्रमुख के तौर पर रिकॉर्ड 8,931 दिन पूरे करने पर बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”145 करोड़ भारतीयों की सुख, समृद्धि और संतुष्टि के लिए सतत साधनारत, राष्ट्र के अमृतकाल के सारथी आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को भारत के सर्वाधिक लंबे समय तक सेवा देने वाले शासन प्रमुख बनने पर हार्दिक बधाई।”

उन्होंने इसी पोस्ट में आगे कहा, ”विकसित भारत के निर्माण को समर्पित यह ऐतिहासिक कीर्तिमान आपके प्रति अटूट जनविश्वास का सशक्त प्रतीक है। ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से दीप्त आपके यशस्वी नेतृत्व में ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ की संकल्पना साकार रूप ले रही है।”

आदित्यनाथ ने कहा, ”सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के सुपथ पर चलते हुए भारत ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं।प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपके कुशल नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति, समृद्धि और वैभव के पथ पर अग्रसर रहे।”

प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए भारत में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले शासन प्रमुख बन गये।

मोदी ने सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रचंड जीत के साथ 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने से पहले तक वह मुख्यमंत्री के पद पर बने रहे।

मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने वर्ष 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव में सफलता हासिल की और प्रधानमंत्री के रूप में उनका यह तीसरा कार्यकाल है।

भाषा

सलीम रवि कांत


लेखक के बारे में