गाजियाबाद (उप्र), 27 अप्रैल (भाषा) गाजियाबाद के लोनी इलाके में कथित तौर पर एक गोदाम के किराए को लेकर हुए झगड़े में 32 वर्षीय व्यक्ति की डंडों और सरिया से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मृतक की पहचान लोनी की बाघ राणा कॉलोनी के सोनू के रूप में हुई है। वह वाहन चालक था।
उन्होंने बताया कि वह रविवार सुबह गुर्जर चौक के पास स्थित एक गोदाम की सफाई करने गया था, तभी गोदाम का किराया नहीं देने को लेकर जहीर नामक व्यक्ति के बेटे सोनू, उसके साथी शाहरुख और कुछ अन्य लोगों से उसका झगड़ा हो गया।
उन्होंने बताया कि आरोप है कि आरोपियों ने वाहन चालक सोनू को जातिसूचक शब्द कहते हुए उस पर डंडों और सरिया से हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूत्रों ने बताया कि उसे आनन-फानन दिल्ली के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
लोनी के सहायक पुलिस आयुक्त सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस ने सोनू, शाहरुख और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें तैनात की गई हैं।
भाषा सं. सलीम शोभना
शोभना