गोरखपुर (उप्र), पांच अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं को सतर्क करते हुए सोशल मीडिया मंच पर हताश और निराश विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे नकारात्मक विमर्शों का मर्यादा में रहकर दृढ़ता से जवाब देने का आह्वान किया।
आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए विपक्ष ऑनलाइन माध्यम से मनगढ़ंत आरोपों की झड़ी लगाने की एक नयी शुरुआत करेगा, और भाजपा की बूथ-स्तरीय टीमों को ऐसे हमलों का मुकाबला करने और उनका खंडन करने के लिए मजबूती के साथ तैयार रहना चाहिए।’’
मुख्यमंत्री योगी यहां भारतीय जनता पार्टी (महानगर इकाई) के मालवीय नगर मंडल की तरफ से आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, ‘‘हमारे युवाओं को विकास भी करना है और विरासत का भी सम्मान करना है। देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए मुस्तैद जवानों को दुश्मन के मंसूबों का काम तमाम भी करना है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वे ‘डबल इंजन’ सरकार के अच्छे कार्यों का प्रचार-प्रसार करते हुए अपने बूथ पर सजग और सतर्क रहें।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने प्रदेश के नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था, वे हर दृष्टि से विफल होकर आज सोशल मीडिया का सहारा लेंगे। झूठे, मनगढ़ंत आरोप लगाकर तमाम प्रकार के नकारात्मक विमर्श पेश करने का वे प्रयास करेंगे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की युवा शक्ति सदैव सत्य और सनातन के साथ रही है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम, श्रीकृष्ण, वीर अभिमन्यु, गुरु गोविंद सिंह जी महाराज और उनके चार पुत्र, स्वामी विवेकानंद, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और वीर सावरकर युवा ऊर्जा शक्ति के प्रतीक और प्रेरणा हैं जिन्होंने सब कुछ देश और धर्म के लिए किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश इस मामले में सबसे सौभाग्यशाली है कि देश की 56 से 60 फीसदी कार्यशील युवा आबादी यहां है। यह युवा ऊर्जा अगर सकारात्मक कार्यों के साथ जुड़ जाए तो उत्तर प्रदेश को बुलंदियों पर पहुंचाया जा सकता है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो युवा इस बार प्रथम बार मतदाता होंगे वे सभी इस बात से अनजान होंगे कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में क्या कुछ होता था।
उन्होंने कहा कि पहले राज्य में पर्व और त्यौहार आने से पहले लोगों का मन आशंकित हो जाता था, गुंडागर्दी चरम पर थी और हर जिले में माफिया की समानांतर सरकार चलती थी।
मुख्यमंत्री ने ईरान के साथ अमेरिका और इजराइल के युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे दुनिया बुरी तरह प्रभावित है। उन्होंने कहा कि महाशक्ति कहलाने वाले अमेरिका में भी डीजल और पेट्रोलियम पदार्थों के दाम चार गुना बढ़ गए हैं, लेकिन अकेला भारत ही है जहां पेट्रोलियम पदार्थों का दाम नियंत्रण में है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा इसलिए है क्योंकि यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संवेदनशील सरकार है जिसने स्थिति को नियंत्रण में रखा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब तीन गुना हो गई है। उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार बनी थी तब प्रदेश की अर्थव्यवस्था 13 लाख करोड़ रुपये की थी, लेकिन नौ वर्षों में यह 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है।
भाषा सं राजेंद्र शफीक संतोष
संतोष