गोरखपुर (उप्र), 18 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के फरेना नाले में सोमवार सुबह एक युवक का शव तैरता मिला। वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव नाले में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे मोतीराम अड्डा इलाके में बंजारी पुल के पास स्थानीय लोगों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान चौरी चौरा के अवधपुर दारोगा जी छावनी निवासी लाल बहादुर निषाद (32) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि परिवार का आरोप है कि लाल बहादुर की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया।
हालांकि पुलिस ने बताया कि शव पर फिलहाल कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। मृत्यु के कारणों की पुष्टि के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) ज्ञानेंद्र कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणा का पता चलेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं आनन्द
रंजन
रंजन