बीजिंग, 23 मई (भाषा) उत्तरी चीन की एक कोयला खदान में गैस विस्फोट होने से 90 खनिकों की मौत हो गई। बीजिंग के आधिकारिक मीडिया ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मीडिया ने साथ ही अपनी खबर में बताया कि अब तक 201 खनिकों को बचाया गया है।
गैस विस्फोट शुक्रवार शाम लिउशेन्यु कोयला खदान में हुआ। विस्फोट के बाद से बचाव अभियान जारी है।
सरकारी समाचार पत्र ‘चाइना डेली’ की खबर के अनुसार, उत्तरी चीन के शानशी प्रांत के क्विनयुआन काउंटी में कोयला खदान में विस्फोट होने से मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 90 हो गई है।
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने व्यापक पैमाने पर बचाव अभियान चलाए जाने और घायलों का उपचार सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने हादसे के बाद की स्थिति से उचित तरीके से निपटने, इसके कारणों की गहन जांच करने और कानून के अनुसार जवाबदेही तय करने के भी निर्देश दिए।
चिनफिंग ने कहा कि इस हादसे से देशभर के प्राधिकारियों को सबक लेना चाहिए, कार्यस्थल पर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना चाहिए और संभावित जोखिमों की पहचान कर उन्हें दूर करने के प्रयास तेज करने चाहिए, ताकि हादसों को रोका जा सके।
उपप्रधानमंत्री झांग गुओकिंग बचाव अभियान की निगरानी के लिए एक दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
भाषा सिम्मी देवेंद्र
देवेंद्र