कीव, 23 मई (एपी) यूक्रेन द्वारा शुक्रवार रात ड्रोन से किये गए हमले में रूस के एक और तेल टर्मिनल में आग लग गई। रूस के क्रास्नोदार क्षेत्र के स्थानीय अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नोवोरोस्सियस्क शहर के अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन का मलबा गिरने से एक तेल टर्मिनल में आग लग गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। हालांकि अधिकारियों ने उक्त तेल टर्मिनल का नाम नहीं बताया।
रूस के समाचार संस्थान ‘एस्ट्रा’ के मुताबिक यूक्रेन के ड्रोन ने शेस्खारिस तेल टर्मिनल और डिपो पर हमला किया, जो इस क्षेत्र में रूसी की सरकारी पाइपलाइन कंपनी ट्रांसनेफ्ट की मुख्य तेल पाइपलाइन का अंतिम छोर है।
‘एस्ट्रा’ द्वारा साझा की गई तस्वीरों में तेल टर्मिनल के ऊपर धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है, लेकिन इनकी पुष्टि नहीं हो सकी। यूक्रेन ने हमले पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।
इस बीच, रूस द्वारा नियुक्त अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन द्वारा रूस-अधिकृत लुहांस्क क्षेत्र के स्टारोबिलस्क शहर में एक कॉलेज के छात्रावास भवन पर शुक्रवार की रात किये गए ड्रोन हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को छात्रावास पर हुए हमले की निंदा करते हुए इसे ‘अपराध’ बताया। उन्होंने सेना को जवाबी कार्रवाई के लिए अपनी योजना प्रस्तुत करने का आदेश दिया।
एपी धीरज देवेंद्र
देवेंद्र