कांगो में इबोला के प्रकोप से अब तक 930 लोगों की मौत

कांगो में इबोला के प्रकोप से अब तक 930 लोगों की मौत

कांगो में इबोला के प्रकोप से अब तक 930 लोगों की मौत
Modified Date: July 20, 2026 / 03:56 pm IST
Published Date: July 20, 2026 3:56 pm IST

बुनिया (कांगो), 20 जुलाई (एपी) कांगो में इबोला के प्रकोप से कम से कम 930 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 37 लोगों की मौत शुक्रवार से शनिवार के बीच 24 घंटे के दौरान हुई। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि शनिवार तक इबोला के 2,344 मामलों की पुष्टि हुई है, जिनमें से 930 मरीजों की मौत हो चुकी है।

पूर्वी कांगो में इबोला के प्रकोप की घोषणा 15 मई को की गई थी। यह रिकॉर्ड में, सबसे तेजी से फैलने वाला इबोला प्रकोप बन गया है। इस प्रकोप के लिए जिम्मेदार बंडिबुग्यो वायरस, इबोला बीमारी फैलाने वाले अन्य वायरस की तुलना में कम पाया जाता है और इसके लिए फिलहाल कोई मंजूरी प्राप्त टीका या उपचार उपलब्ध नहीं है।

इबोला अत्यधिक संक्रामक बीमारी है और यह जंगली जानवरों से मनुष्यों में फैल सकती है। यह बीमारी कई मामलों में जानलेवा साबित होती है।

मौत के आंकड़ों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण सबसे अधिक प्रभावित प्रांत ‘इतुरी’ में राहत और बचाव अभियान पर असर पड़ा है। कुल पांच प्रांत प्रभावित हुए हैं और ये सभी पूर्वी इलाके में हैं, जहां विद्रोहियों का बोलबाला है।

अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि मई के मध्य में प्रकोप की घोषणा के बाद से स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम पर हमले होने की कम से कम 12 घटनाएं हुई हैं। इनमें से अधिकतर हमले संदेह और अफवाहों के कारण हुए।

इस बीच, कई स्वास्थ्य कर्मियों ने वेतन न मिलने के विरोध में काम छोड़ दिया है। वायरस से संक्रमित कम से कम 36 स्वास्थ्य कर्मियों की मौत हो चुकी है।

कांगो के स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपनी ताजा रिपोर्ट में बताया है कि अभी 724 मरीज पृथकवास और अस्पतालों में हैं।

मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 22 मरीज ठीक हुए हैं।

एपी शुभम सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में