पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बारिश से जुड़ी घटनाओं में आठ लोगों की मौत, कई घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बारिश से जुड़ी घटनाओं में आठ लोगों की मौत, कई घायल
पेशावर, 20 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मानसून की बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में दो बच्चों सहित कम से कम आठ व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। बचाव अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आपातकालीन सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ के एक अधिकारी ने बताया कि पहली घटना में रविवार रात खैबर जिले के लांडी कोटल क्षेत्र में आकस्मिक बाढ़ की चपेट में आने से एक सवारी गाड़ी के डिब्बे के बह जाने के कारण छह लोगों की मौत हो गई और नौ घायल हो गए।
अधिकारी ने बताया कि स्थानीय स्वयंसेवकों की सहायता से बचाव एवं तलाश दलों ने व्यापक अभियान चलाकर सभी छह शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए।
उन्होंने बताया कि मृतकों में तीन अफगानिस्तान के नागरिक हैं।
अधिकारी ने बताया कि उसी दिन बारिश से जुड़ी एक अन्य त्रासदी में मरदान जिले की रुस्तम तहसील के इरफान नगर क्षेत्र में एक मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से उसकी छत ढह गई। इस हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।
आपातकालीन दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए मरदान मेडिकल कॉम्प्लेक्स पहुंचाया।
बचाव अधिकारियों ने बताया कि मूसलाधार मानसूनी बारिश के कारण क्षेत्र में पानी का तेज बहाव पैदा हुआ, जिससे आकस्मिक बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई।
उन्होंने लोगों से अपील की कि मानसून के दौरान नालों, बाढ़ के बहाव वाले मार्गों और तेज बहाव वाली जलधाराओं के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचें तथा मौसम संबंधी परामर्श का सख्ती से पालन करें।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने छह लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


