ओपनएआई के सीईओ ऑल्टमैन ने हमेशा सक्रिय रहने वाला एआई एजेंट पेश किया

ओपनएआई के सीईओ ऑल्टमैन ने हमेशा सक्रिय रहने वाला एआई एजेंट पेश किया

ओपनएआई के सीईओ ऑल्टमैन ने हमेशा सक्रिय रहने वाला एआई एजेंट पेश किया
Modified Date: September 30, 2026 / 09:53 am IST
Published Date: September 30, 2026 9:53 am IST

सैन फ्रांसिस्को (अमेरिका), 30 सितंबर (एपी) अमेरिकी कृत्रिम बुद्धिमत्ता कंपनी ओपनएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सैम ऑल्टमैन ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में ‘‘बेहद सक्षम और हमेशा सक्रिय (ऑलवेज ऑन)’’ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) एजेंट पेश किया।

इससे एक दिन पहले कंपनी ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण अपने एक अधिक उन्नत मॉडल को जारी करने की प्रक्रिया रोक दी थी।

कंपनी के वार्षिक डेवलपर सम्मेलन में ऑल्टमैन ने कई नए उत्पादों और जानकारियों की घोषणा की। इनमें ओपनएआई के नए एआई एजेंट ‘डॉट्स’ भी शामिल हैं। ये एजेंट उपयोगकर्ताओं की ओर से लगातार चलने वाले कार्यों को सक्रिय रूप से पूरा करने के लिए तैयार किए गए हैं। यह मेटा के व्यक्तिगत एआई एजेंट ‘म्यूज’ का प्रतिस्पर्धी है, जो पिछले सप्ताह मेटा के सम्मेलन के बाद तेजी से लोकप्रिय हुआ था।

ऑल्टमैन ने कहा कि डॉट एजेंट ‘‘एक ऐसे एआई सहायक की तरह होगा, जो हमेशा आपके साथ खड़ा रहेगा। इन्हें उन शानदार एआई सहायकों की कल्पना से प्रेरित होकर बनाया गया है, जिन्हें हम बचपन में फिल्मों में देखते थे।’’

सोमवार को ओपनएआई ने कहा था कि वह अपने एक दूसरे मॉडल को जारी करने से फिलहाल पीछे हट रही है, क्योंकि उसके शोधकर्ताओं ने कुछ चिंताएं जताई थीं। इसके बाद कृत्रिम मेधा उद्योग के भीतर भी एआई प्रौद्योगिकी के विकास की गति धीमी करने की मांग उठी थी, ताकि सुरक्षा उपायों को विकसित होने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

कंपनी ने अपने मॉडल जीपीटी-6 सोल का उन्नत संस्करण जीपीटी-6.1 सोल और ‘‘अल्ट्राफास्ट’’ नामक प्रीमियम स्पीड टियर सहित कई अन्य नए उत्पादों और अपडेट की भी घोषणा की।

ओपनएआई की घोषणाएं ऐसे समय हुईं जब प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों के प्रमुखों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की।

ऑल्टमैन इस बैठक में शामिल नहीं हुए, लेकिन ओपनएआई के अध्यक्ष और सह-संस्थापक ग्रेग ब्रॉकमैन व्हाइट हाउस में मौजूद थे। उनके अलावा एंथ्रोपिक के डारियो अमोदेई, अमेजन के प्रमुख जेफ बेजोस, एनवीडिया के जेनसन हुआंग, टेस्ला और स्पेसएक्स के एलन मस्क तथा माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला भी बैठक में शामिल हुए।

एपी गोला वैभव

वैभव


लेखक के बारे में