इराक में प्रशिक्षण के दौरान अमेरिकी और ब्रिटिश सैनिक की मौत
इराक में प्रशिक्षण के दौरान अमेरिकी और ब्रिटिश सैनिक की मौत
वाशिंगटन, दो जून (एपी) इराक में एक प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान एक अमेरिकी और एक ब्रिटिश सैनिक की मौत हो गई। अमेरिका और ब्रिटेन के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अमेरिकी सेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ साझा करते हुए बताया कि इन सैनिकों की मौत रविवार को उत्तरी इराक के अर्द्ध-स्वायत्त कुर्द क्षेत्र में इरबिल स्थित एक वायु सेना अड्डे पर हुई जहां अमेरिका की मौजूदगी बनी हुई है।
बयान में कहा गया कि सैनिक की पहचान उनके परिवार को सूचित किए जाने के 24 घंटे बाद सार्वजनिक की जाएगी।
ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने एक अलग ‘पोस्ट’ में कहा कि ब्रिटिश सैनिक के परिवार को सूचित कर दिया गया है और परिवार ने अनुरोध किया है कि सैनिक के बारे में अधिक जानकारी कुछ समय बाद जारी की जाए।
अमेरिका, इराक में इस्लामिक स्टेट समूह से निपटने के लिए तैनात किए गए अपने सैनिकों की संख्या कम कर रहा है लेकिन कुर्द लोगों के साथ संबंध मजबूत करने की अमेरिका की कोशिशों के बीच अमेरिकी बलों की कुर्द क्षेत्र में मौजूदगी बनी हुई है।
अमेरिका ने कुर्द क्षेत्र की राजधानी इरबिल में दिसंबर में एक बड़े नए वाणिज्य दूतावास परिसर का उद्घाटन किया था जो इस क्षेत्र में वाशिंगटन की कूटनीतिक और रणनीतिक भागीदारी को रेखांकित करता है।
एपी सिम्मी सुरभि
सुरभि

Facebook


