वॉशिंगटन, 27 मार्च (एपी) नोबेल पुरस्कार विजेता हान कांग के एक उपन्यास, कृत्रिम मेधा (एआई) एवं ओपनएआई पर करेन हाओ के शोध और लेखिका अरुंधति रॉय के एक संस्मरण को अमेरिका के वार्षिक ‘नेशनल बुक क्रिटिक्स सर्किल’ पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
हान का उपन्यास ‘वी डू नॉट पार्ट’ कोरियाई मुख्यभूमि के दक्षिण में स्थित जेजू द्वीप में 1948-1949 के विद्रोह की कहानी है, जिसमें हजारों लोग मारे गए थे। इस उपन्यास का अनुवाद ई. येवोन और पैज अनियाह मॉरिस ने किया है।
पुरस्कारों की कथा समिति की अध्यक्ष हीथर स्कॉट पार्टिंगटन ने इस उपन्यास के बारे में कहा कि इसकी कहानी ‘‘एक असरदार और थाम लेने वाले सपने की तरह मन में बस जाती है।’’
‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ श्रेणी का पुरस्कार लेखिका एवं पत्रकार फ्रांसेस फिट्जगेराल्ड को दिया गया, जिनकी वियतनाम युद्ध पर आधारित 1972 की पुस्तक ‘फायर इन द लेक’ काफी चर्चित है।
‘नेशनल पब्लिक रेडियो’ (एनपीआर) और ‘पब्लिक ब्रॉडकास्टिंग सर्विस’ (पीबीएस) को उन संस्थानों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कृत किया गया जिन्होंने पुस्तक संस्कृति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
अरुंधति रॉय को उनकी कृति ‘मदर मैरी कम्स टू मी’ को आत्मकथा श्रेणी में पुरस्कृत किया गया।
इसके अलावा हाओ की ‘एम्पायर ऑफ एआई : ड्रीम्स एंड नाइटमेयर्स इन सैम ऑल्टमैन्स ओपनएआई’ ने गैर-काल्पनिक श्रेणी में पुरस्कार जीता। एलेक्स ग्रीन की ‘ए परफेक्ट टर्माइल : वॉल्टर ई फर्नाल्ड एंड द स्ट्रगल टू केयर फॉर अमेरिकाज डिसेबल्ड’ को जीवनी श्रेणी में पुरस्कृत किया गया।
केविन यंग की ‘नाइट वॉच’ ने कविता श्रेणी में पुरस्कार जीता। नीज सिनो द्वारा लिखित और नताशा लेहरर द्वारा अनुवादित ‘सैड टाइगर’ के लिए लेखक और अनुवादक दोनों को अनुवाद श्रेणी में पुरस्कृत किया गया।
‘नेशनल बुक क्रिटिक्स सर्किल’ की स्थापना 1974 में न्यूयॉर्क में हुई थी और इसमें 850 से अधिक आलोचक एवं संपादक शामिल हैं।
एपी सिम्मी शोभना
शोभना