(के.जे.एम. वर्मा)
बीजिंग, 26 जुलाई (भाषा) चीन के गुआंगदोंग प्रांत में रविवार को ‘नौल’ तूफान की दस्तक के बीच भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ की वजह से 10 लोगों की मौत हो गई।
इस साल चीन से टकराने वाला 12वां और अब तक का सबसे शक्तिशाली तूफान ‘नौल’ बीती रात 3:50 बजे गुआंगदोंग के हुइझोउ शहर के तट से टकराया। इसके कारण इलाके के बड़े हिस्से में तेज हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, गांसू के एक पर्यटन क्षेत्र में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आने से 10 लोगों की मौत हो गई।
‘नौल’ तूफान के गुआंगदोंग पहुंचने के बाद रविवार को पूरे प्रांत में हाई-स्पीड रेल सेवाएं निलंबित की गईं जबकि कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। दक्षिणी चीन के बड़े हिस्से में भारी बारिश हुई।
राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार शाम इस साल पहली बार किसी तूफान के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। रविवार को तूफान के कमजोर होने पर इसे पहले ‘ऑरेंज’ और फिर ‘येलो’ अलर्ट में बदल दिया गया।
हांगकांग आधारित ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ के अनुसार, तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 162 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई, जो करीब दो सप्ताह पहले पूर्वी और उत्तर-पूर्वी चीन से टकराए बावी तूफान से थोड़ी अधिक है।
स्थिति का आकलन करने, स्थानीय प्रशासन की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उनकी बुनियादी जरूरतें पूरी करने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में एक विशेष टीम भेजी गई है।
राष्ट्रीय विकास और सुधार आयोग ने गुआंगदोंग में आपदा के बाद राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए 10 करोड़ युआन (लगभग 1.47 करोड़ अमेरिकी डॉलर) की सहायता भी मंजूर की है।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल