अबुजा, 19 फरवरी (एपी) उत्तर-मध्य नाइजीरिया में एक खदान में जहरीली गैस के रिसाव से 37 लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस प्रवक्ता अल्फ्रेड अलाबो ने एक बयान में कहा कि घटना मंगलवार तड़के पठार राज्य के वासे क्षेत्र में स्थित कम्पानी जुरक समुदाय में हुई।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि खनिक लेड ऑक्साइड तथा सल्फर एवं कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी अन्य संबंधित गैसों के अचानक रिसाव के कारण प्रभावित हुए थे, जो मनुष्यों के लिए विषाक्त और जहरीली होती हैं, खासकर एक बंद या खराब हवादार वातावरण में इन गैसों का असर खतरनाक होता है।’’
अलाबो ने बताया, ‘‘शवों को धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार के लिए उनके परिवारों को सौंप दिया गया है।’’
नाइजीरिया की सरकार ने खनन स्थल को बंद कर दिया है और रिसाव की जांच जारी है।
नाइजीरिया के ठोस खनिज विकास मंत्री डेले अलाके ने एक बयान में कहा कि खनिक खनन के दौरान जहरीली गैस के उत्सर्जन से अनजान थे और उन्होंने अपना काम जारी रखा।
अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उस स्थान पर किस चीज का खनन किया जा रहा था और क्या खदान कानूनी रूप से संचालित हो रही थी। नाइजीरिया देश भर में सोने के अवैध खनन कार्यों पर लगाम लगाने की कोशिश कर रहा है, जिसमें कई वर्षों में सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है।
एपी
सुरभि मनीषा
मनीषा