श्रीलंका : अदालत ने विपक्षी नेता नमल राजपक्षे को तीसरी बार हिरासत में भेजा

Ads

श्रीलंका : अदालत ने विपक्षी नेता नमल राजपक्षे को तीसरी बार हिरासत में भेजा

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 05:06 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 05:06 PM IST

कोलंबो, 29 सितंबर (भाषा) श्रीलंका की एक अदालत ने मंगलवार को विपक्षी नेता नमल राजपक्षे को 13 अक्टूबर तक के लिए हिरासत में भेज दिया।

भ्रष्टाचार के एक अन्य मामले में चार सितंबर को उनकी गिरफ्तारी के बाद से उनके खिलाफ यह तीसरा ऐसा आदेश है।

पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बड़े बेटे नमल राजपक्षे (40) को ‘रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार जांच आयोग’ (सीआईएबीओसी) के जांचकर्ताओं द्वारा पूछताछ किये जाने के बाद हिरासत में भेजा गया। यह मामला एक भारतीय कंपनी से संबंधित ‘कृष होटल्स’ निवेश परियोजना में कथित रिश्वत से संबंधित है।

ताजा मामला इस आरोप से जुड़ा है कि नमल राजपक्षे ने भारतीय निवेश परियोजना के स्थानीय एजेंट से सात करोड़ श्रीलंकाई रुपये (लगभग दो करोड़ भारतीय रुपये) लिए थे।

राजपक्षे को रिश्वत देने के आरोप में ‘कृष होटल्स’ की अध्यक्ष जानकी सिरिवर्धना को पिछले बृहस्पतिवार को गिरफ़्तार किया गया और छह अक्टूबर तक हिरासत में भेज दिया गया।

आयोग ने अदालत को बताया कि सिरिवर्धना ने परियोजना के लिए जरूरी मंजूरी पाने की खातिर नमल राजपक्षे को कई बार रिश्वत दी थी।

रग्बी के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नमल राजपक्षे से 2016 में पूछताछ की गई थी और रग्बी को बढ़ावा देने के लिए ‘कृष प्रोजेक्ट’ की राशि के कथित दुरुपयोग को लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

नमल राजपक्षे को 2013 में ‘श्रीलंकन ​​एयरलाइंस’ के लिए एयरबस विमानों की खरीद में 20 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 19 करोड़ रुपये) की रिश्वत के मामले में चार सितंबर से हिरासत में रखा गया है।

नमल राजपक्षे की पार्टी श्रीलंका पोडुजाना पेरामुना ने सरकार पर आरोप लगाया है कि वह उन्हें राजनीतिक रूप से निशाना बना रही है।

भाषा राजकुमार अविनाश

अविनाश