बांग्लादेश की संसद की पूर्व अध्यक्ष को जमानत पर रिहा किया

Ads

बांग्लादेश की संसद की पूर्व अध्यक्ष को जमानत पर रिहा किया

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 11:46 PM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 11:46 PM IST

ढाका, 12 अप्रैल (भाषा) बांग्लादेश में ‘‘हत्या के प्रयास’’ के आरोपों में पांच दिन पहले गिरफ्तार की गईं संसद की पूर्व अध्यक्ष शिरीन शर्मिन चौधरी को अदालत के आदेश पर रविवार को राजधानी ढाका के बाहरी इलाका स्थित उच्च सुरक्षा वाली जेल से जमानत पर रिहा कर दिया गया।

ढाका की एक अदालत ने पूर्वाह्न देश की पहली महिला और तीन बार की अध्यक्ष 59-वर्षीय चौधरी को जुलाई-अगस्त 2024 के छात्र नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शन से जुड़े हत्या के प्रयास के मामले में सुनवाई के बाद 50,000 टका के बॉण्ड पर जमानत दे दी थी।

जेल विभाग की प्रवक्ता जन्नत-उल फरहाद ने कहा, ‘‘अदालत के जमानत आदेश की जांच के बाद उन्हें काशिमपुर सेंट्रल जेल से रिहा कर दिया गया।’’

मीडिया पर आई खबरों के अनुसार, चौधरी शाम को काशिमपुर जेल से बाहर निकलीं, जहां उनके परिवार के सदस्यों ने उनका स्वागत किया।

चौधरी को ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) की खुफिया शाखा (डीबी) ने लालबाग थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया था।

स्थानीय मीडिया ने डीएमपी के मीडिया विभाग के उपायुक्त (डीसी) एम. एन. नासिर उद्दीन के हवाले से कहा है, ‘‘जुलाई आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं को लेकर राजधानी के ‘बनानी’ और ‘उत्तरा’ थानों में उनके खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। रंगपुर में भी उनके खिलाफ एक मामला दर्ज है।’’

भाषा यासिर सुरेश

सुरेश