चिसिनाउ, तीन जुलाई (एपी) मोल्दोवा के प्रधानमंत्री एलेक्जेंड्रु मुंटेनु ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। मुंटेनु के इस अप्रत्याशित कदम से सरकार पर संकट गहरा गया है। हालांकि, उन्होंने अपने इस्तीफे का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया।
मुंटेनु का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब यूरोपीय संघ की सदस्यता के उम्मीदवार इस देश में नेतृत्व संभाले उन्हें एक वर्ष से भी कम समय हुआ था।
मुंटेनु ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा, “आज (शुक्रवार को) मैं प्रधानमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त कर रहा हूं। जिस क्षण मुझे यह महसूस हुआ कि मैं अब अपने सिद्धांतों और विश्वासों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं कर सकता, मैंने पद छोड़ने का निर्णय लिया।”
उन्होंने कहा, “मैंने प्रधानमंत्री पद बड़ी जिम्मेदारी और इस मजबूत विश्वास के साथ स्वीकार किया था कि मैं परिस्थितियों को बेहतर बनाने में योगदान दे सकता हूं।”
मोल्दोवा में जब कोई प्रधानमंत्री अपने इस्तीफे की घोषणा करता है, तो वह तुरंत प्रभाव से लागू हो जाता है लेकिन नई मंत्रिपरिषद के गठन तक कार्यवाहक सरकार काम करती रहती है।
मोल्दोवा की राष्ट्रपति माइया सांदु ने मुंटेनु के इस्तीफे के बाद प्रेस में जारी एक बयान में मोल्दोवा के लिए ‘जटिल दौर’ के दौरान मुंटेनु के नेतृत्व के लिए उनका धन्यवाद किया लेकिन साथ ही कहा कि वह ‘कठिन फैसलों में अधिक भागीदारी और लोगों की बात सुनने के प्रति अधिक खुलेपन’ की अपेक्षा करती थीं।
एपी जितेंद्र रंजन
रंजन
रंजन