ओटावा, 23 फरवरी (भाषा) कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 26 फरवरी को भारत का दौरा करने वाले हैं, जिसका उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों का विस्तार करना तथा रक्षा, ऊर्जा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में नयी साझेदारियां स्थापित करना है।
कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्नी पहले मुंबई और फिर नयी दिल्ली जाएंगे, जहां वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे।
इसमें कहा गया है, “दोनों नेता व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और एआई, प्रतिभा और संस्कृति तथा रक्षा क्षेत्रों में महत्वाकांक्षी नयी साझेदारियों के माध्यम से कनाडा-भारत संबंधों को प्रगाढ़ एवं विस्तारित करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।’’
कार्नी प्रमुख कारोबारियों से मुलाकात करेंगे, ताकि कनाडा में निवेश के अवसरों को तलाशा जा सके और दोनों देशों के व्यवसायों के बीच नयी साझेदारियां स्थापित की जा सके।
खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत की कथित संलिप्तता होने का 2023 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो द्वारा आरोप लगाये जाने के बाद भारत-कनाडा संबंध बेहद खराब स्थिति में पहुंच गए थे।
हालांकि, भारत ने ट्रूडो के इस आरोप को ‘‘बेतुका’’ बताते हुए खारिज कर दिया था।
अक्टूबर 2024 में, भारत ने अपने उच्चायुक्त और पांच अन्य राजनयिकों को वापस बुला लिया था। भारत ने कनाडा के उतने ही राजनयिकों को निष्कासित भी कर दिया था।
हालांकि, पिछले साल अप्रैल में हुए कनाडा के संसदीय चुनाव में लिबरल पार्टी के नेता कार्नी की जीत ने संबंधों को फिर से पटरी पर लाने की प्रक्रिया शुरू करने में मदद की।
दोनों देशों ने एक-दूसरे की राजधानियों में अपने-अपने उच्चायुक्तों की नियुक्ति की है।
भाषा सुभाष सुरेश
सुरेश