वेलिंगटन, चार जून (एपी) बीजिंग ने न्यूजीलैंड के चार सांसदों पर एक साल के लिए चीन यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है, और उनसे माफी मांगने की मांग की क्योंकि उन्होंने एक संसदीय यात्रा के दौरान ताइवान का दौरा किया था। चीनी दूतावास ने इस संबंध में बृहस्पतिवार को न्यूजीलैंड के अधिकारियों को सूचित किया है।
न्यूजीलैंड सरकार ने कहा कि चीन ने ताइवान के साथ संपर्क के कारण पूर्व में अन्य देशों के सांसदों पर प्रतिबंध लगाए हैं, लेकिन न्यूजीलैंड के सांसदों के साथ ऐसा पहली बार हो रहा है।
हाल के वर्षों में बीजिंग लोकतांत्रिक रूप से शासित द्वीप पर दबाव बढ़ा रहा है, जिसे वह अपना क्षेत्र होने का दावा करता है।
बृहस्पतिवार को ‘एसोसिएटेड प्रेस’ द्वारा संपर्क किए जाने पर दो सांसदों ने माफी की मांग को खारिज कर दिया, जबकि अन्य दो से तुरंत संपर्क नहीं हो सका।
न्यूजीलैंड सरकार ने कहा कि वह बीजिंग यात्रा प्रतिबंधों पर चिंता व्यक्त करेगी।
विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने मई में ताइपे का दौरा किया था, जैसा कि न्यूजीलैंड के सांसद ‘‘दशकों से’’ करते आ रहे हैं।
बीजिंग का कहना है कि ताइपे को विदेश संबंध रखने का कोई अधिकार नहीं है और वह विदेशी सांसदों के ताइवान के दौरे को चीन के संप्रभुता के दावों का उल्लंघन मानता है।
चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने प्रतिबंधों की पुष्टि की है।
एपी शफीक वैभव
वैभव