(केजेएम वर्मा)
बीजिंग, 25 अप्रैल (भाषा) चीनी नौसेना ने एक वीडियो जारी किया है जिसके बाद अटकले लगाई जा रही हैं कि चीन में बनाया जा रहा चौथा विमान वाहक पोत परमाणु ऊर्जा से चलने वाला हो सकता है।
‘इंटू द डीप’ नाम की एक वीडियो फिल्म बुधवार को चीनी नौसेना की स्थापना के 77 साल पूरे होने पर जारी की गई।
वीडियो में दिखाया गया है कि नौसेना की अलग-अलग पीढ़ियों के अधिकारियों को कम्पास दिए जा रहे हैं, जिनके नाम तीन विमान वाहकों लियाओनिंग, शानडोंग और फुजियान पर रखे गए हैं।
वीडियो में एक चौथा नाम “हे जियान” भी दिखाया गया, जिससे यह संकेत मिलता है कि यह जहाज परमाणु ऊर्जा से चलने वाला हो सकता है, क्योंकि “हे” का उच्चारण चीनी भाषा में “परमाणु” के समान होता है जबकि “जियान” का अर्थ “जहाज” होता है। हांगकांग के अखबार साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने यह जानकारी दी।
चीन ने आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है कि नया विमान वाहक बनाया जा रहा है या नहीं, लेकिन उपग्रह से ली गईं तस्वीरों से पता चलता है कि देश के उत्तर-पूर्वी शहर डालियान के एक पोत कारखाने (शिपयार्ड) में एक बड़े विमान वाहक का निर्माण जारी है।
तस्वीरों से प्रतीत होता है कि यह जहाज परमाणु ऊर्जा से चलने वाले अमेरिकी जहाज जेराल्ड आर. फोर्ड जैसे बड़े विमानवाहक जहाजों के समान आकार का है। इससे इन अटकलों को और बल मिला है कि इसमें भी उसी तरह की तकनीक इस्तेमाल हो सकती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी में ली गई तस्वीरों में ऐसे ढांचे भी दिखे, जो परमाणु रिएक्टर के हिस्सों जैसे लगते हैं।
भाषा जोहेब प्रशांत
प्रशांत