रूस का कीव पर भीषण मिसाइल एवं ड्रोन हमला, आठ लोगों की मौत

Ads

रूस का कीव पर भीषण मिसाइल एवं ड्रोन हमला, आठ लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - July 2, 2026 / 10:23 AM IST,
    Updated On - July 2, 2026 / 10:23 AM IST

कीव, दो जुलाई (एपी) रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बृहस्पतिवार रातभर मिसाइल एवं ड्रोन से भीषण हमले किए जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। हमलों के दौरान शहर में कई घंटों तक जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं।

बैलिस्टिक एवं क्रूज मिसाइलों तथा ड्रोन से किए गए इस हमले से पूरे शहर में इमारतों और नागरिक बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान हुआ है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और अन्य अधिकारियों की ओर से हमले को लेकर पहली बार सतर्क किए जाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने मेट्रो स्टेशनों में शरण ली।

कीव शहर के सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमूर तकाचेंको ने बताया कि इस हमले में आठ लोगों की मौत हो गई और आवासीय इमारतों व नागरिक बुनियादी ढांचों समेत 28 स्थानों पर भारी नुकसान की सूचना है।

कीव के मेयर विताली क्लिट्स्को ने बताया कि कम से कम 34 लोग घायल हुए हैं।

हाल के सप्ताहों में रूस ने कीव पर अपने हमले और तेज कर दिए हैं। वहीं, यूक्रेन भी रूस के सैन्य ठिकानों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर लगातार ड्रोन हमले कर रहा है जिससे रूस के भीतर ईंधन की कमी पैदा हो गई है तथा उसकी आपूर्ति शृंखला भी प्रभावित हुई है।

क्लिट्स्को ने राजधानी पर ‘‘दुश्मन के भीषण हमले’’ होने की बात कहते हुए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर ही रहने की अपील की।

उन्होंने बताया कि शेवचेंकिव्स्की जिले में पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में से एक स्वास्थ्यकर्मी की हालत बेहद गंभीर है। यूक्रेन की आपातकालीन सेवा के अनुसार, इस जिले में एक होटल और दो पांच मंजिला आवासीय इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

क्लिट्स्को ने बताया कि देस्न्यांस्की जिले में क्षतिग्रस्त नौ मंजिला आवासीय इमारत में कुछ लोग फंस गए, जिनकी मदद के लिए बचाव दल को मौके पर भेजा गया।

आपातकालीन सेवा के अनुसार, होलोसिएव्स्की जिले में एक 16 मंजिला इमारत की छत पर आग लग गई।

वहीं, स्वियातोशिनस्की जिले में दो घरों में आग लग गई। मेयर के अनुसार, इनमें से एक मकान के मलबे में लोग फंस गए थे।

क्लिट्स्को ने बताया कि रूस की ओर से किए गए हमले के बाद दार्नित्स्की जिले में नौ मंजिला इमारत के छह फ्लोर ढह गए और एक अन्य पांच मंजिला आवासीय इमारत क्षतिग्रस्त हो गई।

आपातकालीन सेवा ने कहा कि इस क्षेत्र में 16 मंजिला इमारत और घर को भी नुकसान पहुंचा है।

तकाचेंको ने बताया कि हमले में देस्न्यांस्की जिले की एक आवासीय इमारत को आंशिक नुकसान पहुंचा। पेचेर्स्की जिले में दो स्थानों पर आवासीय इमारतों के पास और सोलोमियांस्की जिले में एक सरकारी इमारत के निकट आग लग गई।

उन्होंने कहा कि अधिकारी ओबोलोनस्की और पोदिल्स्की जिलों में हुए नुकसान का भी आकलन कर रहे हैं।

कीव क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख मायकोला कालशनिक ने कहा कि क्षेत्र के पांच जिलों में नुकसान हुआ है, हालांकि इस क्षेत्र में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

एपी खारी वैभव

वैभव