बीजिंग, 22 अप्रैल (भाषा) चीन के अंतरिक्ष मिशन प्रशिक्षण के लिए पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्रियों के रूप में दो पाकिस्तानी नागरिकों का चयन किया गया है।
चीन की मानव अंतरिक्ष एजेंसी ने एक बयान में कहा कि दो पाकिस्तानी नागरिक- मोहम्मद जीशान अली और खुर्रम दाऊद प्रशिक्षण के लिए ‘रिजर्व’ अंतरिक्ष यात्रियों के रूप में जल्द ही चीन आएंगे।
बयान में कहा गया कि सभी प्रशिक्षण और मूल्यांकन पूरा करने के बाद, उनमें से एक पेलोड विशेषज्ञ के रूप में एक अंतरिक्ष मिशन में भाग लेगा, और तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाला पहला विदेशी अंतरिक्ष यात्री बन जाएगा।
पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री को भेजने के समझौते पर चीन की मानव अंतरिक्ष एजेंसी और पाकिस्तान के अंतरिक्ष एवं ऊपरी वायुमंडल अनुसंधान आयोग ने पिछले साल फरवरी में इस्लामाबाद में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की उपस्थिति में एक समारोह में हस्ताक्षर किए थे।
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव