अमेरिका: डेलावेयर के गवर्नर ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर घोषणा जारी की

Ads

अमेरिका: डेलावेयर के गवर्नर ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर घोषणा जारी की

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 10:51 AM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 10:51 AM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 21 जून (भाषा) अमेरिका के डेलावेयर प्रांत के गवर्नर मैथ्यू मेयर ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मान्यता देते हुए एक घोषणा जारी की है और लोगों से स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को अपनाने का आह्वान किया है।

मेयर ने घोषणा में कहा कि योग भारत की 5,000 वर्ष पुरानी पद्धति है जो समग्र स्वास्थ्य और कल्याण को बेहतर बनाने के लिए मन, शरीर एवं आत्मा को जोड़ती है।

उन्होंने कहा कि योग शारीरिक शक्ति, लचीलेपन, मानसिक स्पष्टता और भावनात्मक संतुलन को बढ़ावा देता है तथा तनाव से निपटने एवं सामुदायिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में उपयोगी साधन प्रदान करता है।

घोषणा में कहा गया, ‘‘अतः मैं, गवर्नर मैथ्यू मेयर, 21 जून 2026 को डेलावेयर प्रांत में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित करता हूं और सभी निवासियों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए इस पद्धति को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करता हूं।’’

मेयर ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने योगाभ्यास के अनेक लाभों के बारे में वैश्विक जागरूकता बढ़ाने के लिए 21 जून को आधिकारिक रूप से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया है।

उन्होंने कहा कि ‘इंडियन अमेरिकन कम्युनिटी डेलावेयर’ न्यूयॉर्क स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास के सहयोग से स्थानीय स्तर पर समारोह आयोजित कर रहा है जिसका उद्देश्य नागरिकों को एकजुट करना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक जीवनशैली के माध्यम से कल्याण, शांति एवं एकता को बढ़ावा देना है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के योग गुरु एच. आर. नागेंद्र रविवार को न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित टाइम्स स्क्वायर पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व कर रहे हैं। यह कार्यक्रम भारत के महावाणिज्य दूतावास ने आयोजित किया है।

संयुक्त राष्ट्र ने योग की सार्वभौमिक स्वीकार्यता को मान्यता देते हुए दिसंबर 2014 में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की स्थापना से संबंधित संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव का मसौदा भारत ने पेश किया था और रिकॉर्ड 175 सदस्य देशों ने इसका समर्थन किया था।

मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 69वें सत्र के उद्घाटन के अवसर पर अपने संबोधन में पहली बार यह प्रस्ताव रखा था। उन्होंने कहा था, ‘‘योग हमारी प्राचीन परंपरा का एक अमूल्य उपहार है।’’

वर्ष 2015 से हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है।

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन