(के. जे. एम. वर्मा)
बीजिंग, 21 अप्रैल (भाषा) सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को यहां चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीएनपी के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने किया। बांग्लादेश में नयी सरकार के सत्ता में आने के बाद दोनों देशों के बीच यह पहला राजनीतिक संपर्क था।
यहां के आधिकारिक मीडिया ने बताया कि बीएनपी प्रतिनिधिमंडल के साथ अपनी बातचीत में हान ने ‘मैत्रीपूर्ण पड़ोसियों’ के बीच ‘गहरे संबंधों’ की बात की और बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव को संयुक्त रूप से बनाने तथा चीन-बांग्लादेश व्यापक रणनीतिक सहकारी साझेदारी को आगे बढ़ाने जैसे क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने चीन की सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की बीएनपी के साथ आदान-प्रदान और सहयोग को मजबूत करने की इच्छा भी व्यक्त की।
आलमगीर स्थानीय सरकार, ग्रामीण विकास और सहकारिता मंत्री भी हैं और उन्होंने चीन को बांग्लादेश का एक भरोसेमंद मित्र और साझेदार बताया।
उन्होंने कहा कि नयी सरकार ‘एक-चीन सिद्धांत’ और बीजिंग के साथ मित्रता की परंपरा का पालन करेगी तथा द्विपक्षीय संबंधों को एक नए स्तर पर ले जाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उच्च-स्तरीय आदान-प्रदान तथा परस्पर लाभकारी सहयोग को और मजबूत करने की उम्मीद करती है।
आलमगीर ने यह भी कहा कि बीएनपी दोनों दलों और दोनों देशों के बीच दोस्ती को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
बीएनपी प्रतिनिधिमंडल की यह फरवरी में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार के भारी जीत के साथ सत्ता संभालने के बाद बांग्लादेश की ओर से पहली यात्रा है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश