जिनेवा, 22 मई (एपी) विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख के मुताबिक अफ्रीकी देश कांगो में इबोला का प्रकोप ‘तेजी से बढ़ रहा है’ और राष्ट्रीय स्तर पर स्थिति ‘विकराल’ हो रही है।
डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने शुक्रवार को कहा कि संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य एजेंसी ने कांगो के भीतर जोखिम के अपने आकलन को संशोधित किया है और अब यह ‘‘बहुत उच्च’’ श्रेणी में है, जिसे पहले ‘उच्च’ श्रेणी में माना गया था।
उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि क्षेत्रीय स्तर पर इबोला संक्रमण फैलने का खतरा अधिक है, लेकिन फिलहाल इसके वैश्विक महामारी में तब्दील होने की आशंका कम है।
डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने बताया कि कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में 82 मामलों और इस बीमारी के कारण सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हम जानते हैं कि कांगो में महामारी का प्रकोप कहीं अधिक व्यापक है।’’
घेब्रेयेसस ने कहा कि अब तक लगभग 750 संदिग्ध मामले सामने आए हैं और 177 लोगों की संक्रमण से मौत होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि पड़ोसी देश युगांडा में स्थिति ‘स्थिर’ है, जहां कांगो से आए लोगों में दो इस वायरस से संक्रमित पाए गए और एक व्यक्ति की मौत हो गई।
एपी धीरज अविनाश
अविनाश