कोलकाता, 22 मई (भाषा) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) शनिवार को यहां होने वाली अपनी विशेष आम बैठक (एसजीएम) में राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम के मुताबिक अपने संविधान में संशोधन करने की कोशिश करेगा और इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के नए व्यावसायिक भागीदार पर चर्चा करेगा।
एआईएफएफ का हर सदस्य संघ एक प्रतिनिधि भेज सकता है। एआईएफएफ की कार्यकारी समिति के सदस्य वोट नहीं दे सकते और वे उन संघ का प्रतिनिधित्व भी नहीं कर सकते जिनसे वे जुड़े हैं।
छह मई को जारी एक नोटिस में बैठक के कुछ एजेंडे बताए गए थे जिसमें, ‘‘राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम 2025 के मुताबिक एआईएफएफ संविधान में संशोधन और उसे अपनाने की बात की गई थी। इसके अलावा इंडियन सुपर लीग, इंडियन वुमैन्स लीग और सुपर लीग (कप) के लिए वाणिज्यिक भागीदार पर भी चर्चा होगी। ’’
एआईएफएफ की कार्यकारी समिति की सदस्य वलांका अलेमाओ ने एसजीएम बुलाए जाने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि इससे संविधान का उल्लंघन हो सकता है जिससे उच्चतम न्यायालय की अवमानना होगी।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द