रूस में भारतीय समेत आठ को चाकू मारा गया

Ads

रूस में भारतीय समेत आठ को चाकू मारा गया

  •  
  • Publish Date - February 7, 2026 / 10:19 PM IST,
    Updated On - February 7, 2026 / 10:19 PM IST

(विनय शुक्ला)

मास्को, सात फरवरी (भाषा) रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य के एक विश्वविद्यालय में विदेशी छात्रों के छात्रावास के खेल कक्ष में शनिवार को चाकू से किए गए हमले में भारतीय व दो पुलिस अधिकारियों सहित कम से कम आठ लोग घायल हो गए। स्थानीय मीडिया में आई खबरों में यह जानकारी दी गयी।

गृह मंत्रालय ने कहा कि प्रारंभिक खबरों के अनुसार, चाकू लिये एक किशोर रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य के उफा में स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में घुस गया, उसने वहां रहने वाले छात्रों पर हमला किया और उनमें से कई को चाकू मार दिया।

आरटीवीआई डॉट कॉम वेबपोर्टल ने गृह मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल इरिना वोल्क के हवाले से कहा, “हमलावर ने गिरफ्तारी का विरोध किया, जिसके दौरान दो पुलिस अधिकारियों को चाकू मार दिया गया। इसके अलावा, संदिग्ध ने खुद को भी शारीरिक नुकसान पहुंचाया।”

हालांकि, छात्रों की पहचान या राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया गया।

एक टेलीग्राम चैनल ‘112’ ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कहा कि पीड़ितों में से कम से कम एक भारतीय था और दो हमलावर थे।

जांच समिति ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

‘बाजा’ टेलीग्राम चैनल ने कहा कि हमलावर की पहचान 15 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि चार छात्रों और दो पुलिस अधिकारियों को स्थानीय क्लिनिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रेन टीवी ने एम्बुलेंस वैन द्वारा घायलों को अस्पताल ले जाने के फुटेज दिखाते हुए कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, “चारों ओर खून था”।

भाषा

प्रशांत दिलीप

दिलीप