गुजरात : नाबालिग के साथ सामूहिक बलात्कार और धमकाने के आरोप में आठ लोग गिरफ्तार

Ads

गुजरात : नाबालिग के साथ सामूहिक बलात्कार और धमकाने के आरोप में आठ लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 18, 2026 / 06:20 PM IST,
    Updated On - April 18, 2026 / 06:20 PM IST

खेड़ा (गुजरात), 18 अप्रैल (भाषा) गुजरात के खेड़ा जिले में 17 वर्षीय किशोरी के साथ 2023 से कथित तौर पर कई बार बलात्कार करने और धमकाने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरेपियों की उम्र 19 से 26 वर्ष के बीच है।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना जिले के एक गांव में हुई। उन्होंने बताया कि मामले का एक आरोपी फिलहाल फरार है।

खेड़ा के पुलिस अधीक्षक विजय पटेल ने कहा, ‘‘खेड़ा टाउन पुलिस को 2023 से 2026 के बीच अपने ही गांव के नौ लोगों द्वारा 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और धमकाने की शिकायत मिली।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बाल संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी परवेज खान पठान (23) ने पीड़िता को झांसा देकर उसके साथ बलात्कार किया।

पुलिस ने बताया कि पठान ने इस घटना का वीडियो भी बनाया और उसे आठ अन्य आरोपियों को दिखाया, जिन्होंने बारी-बारी से लंबे समय तक पीड़िता के साथ बलात्कार किया।

उसने बताया कि पीड़िता ने अंततः हिम्मत जुटाकर अपने परिवार को आपबीती सुनाई, जिसके बाद खेड़ा टाउन पुलिस थाने में बलात्कार, सामूहिक बलात्कार, आपराधिक धमकी, आपराधिक साजिश आदि संबंधित धाराओं के तहत शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस के मुताबिक, सात अन्य की पहचान माहिर खान पठान (24), फैजान खान पठान (23), तौफीक खान पठान (23), अयान खान पठान (19), मोइन खान पठान (22), मारूफ खान पठान (25) और सलमान खान पठान (26) के रूप में की गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी साहिल पठान फरार है।

भाषा शफीक धीरज

धीरज