ब्रसेल्स, 23 अप्रैल (एपी) हंगरी द्वारा अपना ‘वीटो’ वापस लेने के बाद, यूरोपीय संघ ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन को अगले दो वर्षों के लिए उसकी आर्थिक और सैन्य जरूरतों को पूरा करने में मदद के वास्ते 106 अरब अमेरिकी डॉलर के ऋण पैकेज को मंजूरी दे दी।
यूरोपीय संघ (ईयू) ने यूक्रेन पर रूस के युद्ध को लेकर उसके खिलाफ नए प्रतिबंधों को भी मंजूरी दे दी है। इन उपायों को इस साल की शुरुआत में तैयार किया गया था और संघर्ष का चौथा साल पूरा होने पर फरवरी में इनकी घोषणा की जानी थी, लेकिन हंगरी और स्लोवाकिया ने इस कदम का विरोध किया।
जनवरी में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद रूस द्वारा यूरोपीय संघ के इन दोनों देशों को तेल की आपूर्ति रोक दिए जाने के चलते हंगरी और स्लोवाकिया का यूक्रेन के साथ विवाद हो गया था। यूक्रेनी अधिकारियों ने पाइपलाइन क्षति के लिए रूसी ड्रोन हमलों को जिम्मेदार ठहराया था।
यूक्रेन को सहायता का रास्ता तब साफ हुआ, जब स्लोवाकिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि यूक्रेन से होकर गुजर रही ड्रुज्बा पाइपलाइन के जरिए स्लोवाकिया को रूसी तेल की आपूर्ति फिर से शुरू हो गई है।
स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको ने इसे “अच्छी खबर” बताया। उन्होंने कहा, ‘‘यूक्रेन और यूरोपीय संघ के बीच गहरा संबंध स्थापित होने की उम्मीद है।”
एपी शफीक नरेश
नरेश