संघीय कर्मचारियों ने इजराइल-हमास युद्ध पर अमेरिकी नीति का विरोध जताया

Ads

संघीय कर्मचारियों ने इजराइल-हमास युद्ध पर अमेरिकी नीति का विरोध जताया

  •  
  • Publish Date - November 19, 2023 / 08:32 PM IST,
    Updated On - November 19, 2023 / 08:32 PM IST

वाशिंगटन, 19 नवंबर (एपी) अमेरिकी विदेश विभाग से लेकर अंतरिक्ष एजेंसी ‘नासा’ तक में कार्यरत संघीय कर्मचारी पत्र बांट कर मांग कर रहे हैं कि राष्ट्रपति जो बाइडन इजराइल-हमास युद्ध में संघर्षविराम के लिए दबाव बनाएं।

फलस्तीनी नागरिकों की मौत की संख्या बढ़ने के बीच संसद के कर्मचारी ‘कैपिटल’ (संसद भवन) के सामने माइक्रोफोन लेकर इस मामले में सांसदों की चुप्पी की निंदा कर रहे हैं।

जैसे-जैसे गाजा में आम नागरिकों की मौतों की संख्या बढ़ रही हैं, बाइडन और संसद को इजराइल के हमले के समर्थन को लेकर घरेलू स्तर पर असामान्य चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन और संसद के सैकड़ों कर्मचारी गाजा में संघर्षविराम को लेकर खुले पत्रों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं और पत्रकारों से बातचीत में अपनी भावनाएं साझा कर रहे हैं।

विरोध दर्ज कराने वाले कर्मचारी इजराइल-हमास युद्ध पर अमेरिकी नीति का विरोध कर रहे हैं।

एक कर्मचारी ने विरोध प्रदर्शन में भीड़ से कहा, ‘‘कैपिटल हिल पर हमारे अधिकांश नेता उन लोगों की बात नहीं सुन रहे हैं जिनका वे प्रतिनिधित्व करते हैं।’’

एपी शफीक अमित

अमित