विदेश कार्यालय परामर्श के लिए विदेश सचिव मिसरी पेरिस पहुंचे

Ads

विदेश कार्यालय परामर्श के लिए विदेश सचिव मिसरी पेरिस पहुंचे

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 09:16 PM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 09:16 PM IST

लंदन, 12 अप्रैल (भाषा) विदेश सचिव विक्रम मिसरी रविवार को अपने दो देशों के दौरे के पहले चरण के लिए पेरिस पहुंचे, जिस दौरान वे रक्षा, असैन्य परमाणु और ऊर्जा, तथा अन्य प्रमुख वैश्विक व क्षेत्रीय घटनाक्रमों सहित कई मुद्दों पर फ्रांसीसी अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे।

मिसरी रविवार से तीन दिवसीय पेरिस और बर्लिन की यात्रा पर हैं, जहां वे कई ऐसे क्षेत्रों पर उच्च स्तरीय वार्ता करेंगे जो खंडित भू-राजनीतिक परिदृश्य के बीच तेजी से महत्वपूर्ण हो गए हैं।

फ्रांस में भारतीय दूतावास ने मिसरी के वहां पहुंचने पर ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “यह दौरा फ्रांस के राष्ट्रपति महामहिम इमैनुएल मैक्रों की फरवरी 2026 में भारत यात्रा के बाद हो रहा है तथा भारत और यूरोप के बीच नियमित उच्च स्तरीय आदान-प्रदान की निरंतरता को दर्शाता है।”

विदेश मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि पेरिस में विदेश सचिव, फ्रांसीसी विदेश मंत्रालय के महासचिव मार्टिन ब्रिएन्स के साथ भारत-फ्रांस विदेश कार्यालय परामर्श की सह-अध्यक्षता करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि मिसरी और ब्रिएन्स रक्षा, नागरिक परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष, साइबर और डिजिटल, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और लोगों के बीच आदान-प्रदान को बढ़ावा देने वाली पहलों के साथ-साथ नवीनतम वैश्विक और क्षेत्रीय घटनाक्रमों सहित कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

विदेश सचिव के दोनों स्थानों पर अन्य गणमान्य व्यक्तियों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से भी मुलाकात करने की उम्मीद है।

फ्रांस और जर्मनी की उनकी यात्रा अमेरिका की यात्रा के बाद हो रही है, जहां उन्होंने विदेश मंत्री मार्को रुबियो और ट्रंप प्रशासन के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की थी।

पेरिस और बर्लिन में वार्ताकारों के साथ मिसरी की बातचीत में पश्चिम एशिया संकट और ऊर्जा सुरक्षा पर इसके प्रभाव पर प्रमुखता से चर्चा होने की उम्मीद है।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश