बामाको (माली), 25 अप्रैल (एपी) माली की राजधानी बामाको और अन्य शहरों में शनिवार सुबह बंदूकधारियों ने कई स्थानों पर हमले किये। अधिकारियों और स्थानीय निवासियों ने यह जानकारी दी।
माली की सेना ने एक बयान में कहा, ‘‘अज्ञात सशस्त्र आतंकवादी समूहों ने राजधानी में कुछ स्थानों और बैरकों को निशाना बनाया। सैनिक फिलहाल हमलावरों से निपटने में लगे हुए हैं।’’
माली की राजधानी बामाको में स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास शनिवार सुबह गोलीबारी की आवाज सुनी गई।
बामाको में मौजूद ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के एक पत्रकार ने सिटी सेंटर से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित मोदिबो कीता अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगातार गोलीबारी की आवाज सुनी, और साथ ही हवाई अड्डे के आसपास एक हेलीकॉप्टर को गश्त करते देखा।
यह हवाई अड्डा माली वायुसेना द्वारा उपयोग किए जाने वाले एक एयर बेस के निकट स्थित है।
हवाई अड्डे के पास रहने वाले एक निवासी ने इलाके में गोलियों की आवाज सुनाई देने की जानकारी दी। उसने बताया कि आसमान में तीन हेलीकॉप्टर भी गश्त करते दिखाई दे रहे हैं।
माली के अन्य शहरों के निवासियों ने भी शनिवार सुबह गोलीबारी और विस्फोटों की सूचना दी, जिससे सशस्त्र समूहों द्वारा समन्वित हमले की आशंका जताई गई।
किदाल के पूर्व महापौर ने बताया कि बंदूकधारी शहर में घुस गए और कुछ इलाकों पर कब्जा कर लिया, जिसके परिणामस्वरूप सेना के साथ उनकी मुठभेड़ हुई है।
उत्तरी माली में अलग अजावाद देश बनाने के लिए अजावाद अलगाववादी आंदोलन वर्षों से जारी है।
‘अजावाद लिबरेशन फ्रंट’ के प्रवक्ता मोहम्मद एलमाउलौद रमदाने ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा कि उनके बलों ने पूर्वोत्तर शहर किदाल और गाओ के कई इलाकों पर नियंत्रण हासिल कर लिया है।
गाओ के एक निवासी ने बताया कि शनिवार सुबह काफी देर तक गोलीबारी और विस्फोट की आवाजें सुनी गईं।
एपी शफीक सुरेश
सुरेश