राहुल गांधी से बातचीत के बाद कांग्रेस के पूर्व विधायक ने भाजपा में शामिल होने की योजना टाली

Ads

राहुल गांधी से बातचीत के बाद कांग्रेस के पूर्व विधायक ने भाजपा में शामिल होने की योजना टाली

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 08:53 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 08:53 PM IST

मुंबई, 22 सितंबर (भाषा) विदर्भ के चिखली से कांग्रेस के पूर्व विधायक राहुल बोंद्रे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की अपनी योजना पार्टी नेता राहुल गांधी से फोन पर हुई बातचीत के बाद मंगलवार को टाल दी और कांग्रेस के साथ बने रहने की बात कही।

बुलढाणा जिले के चिखली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके बोंद्रे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण की मौजूदगी में मुंबई में भाजपा में शामिल होने वाले थे, लेकिन राहुल से बातचीत के बाद उन्होंने अपना फैसला बदल लिया।

एक वीडियो में बोंद्रे राहुल गांधी से यह कहते नजर आए, ‘‘आपने मुझे फोन किया और मुझ जैसे कार्यकर्ता का ध्यान रखा; मैं आपके कारण ही टिका हुआ था, इसलिए सब कुछ गंवाने के बाद भी मैं आपके और कांग्रेस के लिए काम करता रहूंगा।’’

बोंद्रे ने यह भी कहा कि वह कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ मिलकर लड़ते रहेंगे।

कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार और यशोमति ठाकुर ने आरोप लगाया कि बोंद्रे पर दबाव बनाया जा रहा था और उनके खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे।

ठाकुर ने कहा कि संकट के समय राहुल गांधी पूर्व विधायक बोंद्रे के साथ खड़े रहे और उनके सहयोग ने ही बोंद्रे को कांग्रेस में बने रहने की हिम्मत दी।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि राहुल जी ने आज जो फैसला लिया, वह बहुत महत्वपूर्ण है; बोंद्रे ने राहुल गांधी से कहा कि चाहे मुझे कितनी भी परेशानी का सामना करना पड़े, कितना भी नुकसान उठाना पड़े, राहुल जी मैं आपके साथ हूं।’’

ठाकुर ने कहा, ‘‘यह हर किसी के लिए प्रेरणा बनेगा; राहुल गांधी इस कठिन समय में हम सभी के साथ खड़े हैं और हमें हिम्मत दे रहे हैं; देश, कांग्रेस की विचारधारा, धर्मनिरपेक्षता और हमारे संविधान के लिए हमें उन पर भरोसा है।’’

वहीं वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि बोंद्रे के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए।

इससे पहले बोंद्रे ने सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर पोस्ट कर कांग्रेस छोड़ने का ऐलान किया था। राहुल के साथ हुई बातचीत के ऑडियो में उन्हें कांग्रेस नेता से यह कहते सुना जा सकता है कि वह पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं और उन्हें पार्टी छोड़ने की गलती नहीं करनी चाहिए।

राहुल गांधी को बोंद्रे से यह कहते सुना गया, ‘‘वे आपके खिलाफ मामले बनाकर प्रतिस्पर्धा को खत्म करना चाहते हैं, इसलिए यह गलती न करें क्योंकि हार ही जीत की नींव होती है।’’

बुलढाणा से ही ताल्लुक रखने वाले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भाजपा पर दलबदल कराने के लिए नेताओं पर दबाव बनाने का आरोप लगाया।

उन्होंने बोंद्रे के बारे में कहा कि कांग्रेस एक परिवार की तरह है और राहुल गांधी का भी यही रुख रहा है।

सपकाल ने कहा, ‘‘मुद्दा सिर्फ एक नेता का नहीं है, बल्कि यह बार-बार देखा गया है कि नेताओं को पार्टी में शामिल कराने के लिए भाजपा ब्लैकमेलिंग और धमकियों का सहारा लेती है। ‘एक राष्ट्र, एक पार्टी’ उनकी रणनीति है और हर किसी को इस मनमानी का विरोध करना चाहिए। भाजपा झूठे मुकदमे दर्ज करके विपक्ष को खत्म करने की कोशिश कर रही है। राज्य में राजनीतिक दलों को तोड़ने में शामिल एक गिरोह सक्रिय है और इस प्रवृत्ति की कड़ी निंदा की जानी चाहिए।’’

भाषा खारी अविनाश

अविनाश