पेशावर, 29 मार्च (भाषा) पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा (केपी) के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने रविवार को आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटे कासिम खान के हालिया भाषण को सरकार द्वारा जनता को गुमराह करने के प्रयास में ‘‘जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।’’
अफरीदी ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अधिकारी अपनी आर्थिक विफलताओं का दोष कासिम पर डालने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि अपनी अक्षमता को छिपा सकें।
अफरीदी ने कहा, ‘‘हमने कासिम खान के भाषण का उर्दू में अनुवाद किया है, ताकि देश के सामने तथ्य प्रस्तुत किए जा सकें।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता को गुमराह करने के प्रयास में भाषण को “जानबूझकर गलत तरीके से पेश कर रही है”।
अंतरराष्ट्रीय मानकों पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यूरोपीय देशों को व्यापारिक संबंधों के लिए लोकतंत्र, मानवाधिकार, पर्यावरण संरक्षण और पारदर्शी शासन का पालन करना आवश्यक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा संघीय सरकार पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) को दोषी ठहराने की कोशिश करते हुए इन सिद्धांतों का उल्लंघन कर रही है।
अफरीदी ने दोहराया कि पाकिस्तान को जीएसपी प्लस व्यापार दर्जा प्राप्त करने के योग्य होना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूरा करने के महत्व पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब और सिंध में पीटीआई के विधायकों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है और उन पर भीषण यातनाएं दी जा रही हैं। उन्होंने दोनों प्रांतों में पश्तूनों के खिलाफ जारी दमनकारी कार्रवाई और स्वतंत्र पत्रकारों के खिलाफ हिंसा की कड़ी निंदा की।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश