भारत और नेपाल ने बाढ़ नियंत्रण एवं सिंचाई सहयोग के लिए कार्ययोजना का मसौदा तैयार किया

Ads

भारत और नेपाल ने बाढ़ नियंत्रण एवं सिंचाई सहयोग के लिए कार्ययोजना का मसौदा तैयार किया

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 09:35 PM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 09:35 PM IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, दो मई (भाषा) भारत और नेपाल के वरिष्ठ अधिकारियों ने यहां मुलाकात की और द्विपक्षीय जल क्षेत्र सहयोग की व्यापक समीक्षा की। इस दौरान दोनों पक्षों ने बाढ़ नियंत्रण और सिंचाई के क्षेत्रों में सहयोग के लिए एक कार्ययोजना तैयार की।

कोसी और गंडक परियोजनाओं पर भारत-नेपाल संयुक्त समिति की दो-दिवसीय 11वीं बैठक में यह चर्चा हुई। बैठक शुक्रवार को काठमांडू में समाप्त हुई।

भारतीय दूतावास द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल ने किया, जबकि नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सिंचाई विभाग के महानिदेशक मित्रा बराल ने किया।

भारतीय दूतावास ने कहा कि बैठक में कोसी और गंडक परियोजनाओं में भारत-नेपाल सहयोग की व्यापक समीक्षा की गई और बाढ़ नियंत्रण एवं सिंचाई सहित अन्य क्षेत्रों में आगे सहयोग के लिए एक भविष्य की कार्ययोजना तैयार की गई।

विज्ञप्ति के मुताबिक, बैठक के दौरान, नेपाली प्रतिनिधिमंडल ने सुचारू संचालन और रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए नहरों, बैराज क्षेत्रों और तटबंधों सहित कोसी और गंडक परियोजना के प्रमुख क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने पर सहमति व्यक्त की।

इसके मुताबिक, भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने नेपाली क्षेत्र में पश्चिमी कोसी मुख्य नहर और वाल्मीकिनगर गंडक नहर के कमान क्षेत्रों में जल निकासी एवं जलभराव संबंधी समस्याओं का निरीक्षण करने तथा उनका समाधान करने पर सहमति व्यक्त की।

विज्ञप्ति के मुताबिक, दोनों पक्ष मानसून शुरू होने से पहले वीरपुर के कोसी क्षेत्र में कटाव नियंत्रण कार्यों के लिए रेत, मिट्टी और गाद जैसी सामग्रियों का उपयोग करने पर सहमत हुए।

संयुक्त समिति की दसवीं बैठक अप्रैल 2022 में पटना में आयोजित की गई थी।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश