मंदिर में महिला को थप्पड़ मारने के आरोप में सिंगापुर में भारतीय मूल के वकील के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

मंदिर में महिला को थप्पड़ मारने के आरोप में सिंगापुर में भारतीय मूल के वकील के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - September 17, 2023 / 07:32 PM IST,
    Updated On - September 17, 2023 / 07:32 PM IST

सिंगापुर, 17 सितंबर (भाषा) सिंगापुर में भारतीय मूल के एक वकील के खिलाफ मंदिर में एक महिला को कथित तौर पर थप्पड़ मारने के लिए चार अलग-अलग अपराधों को लेकर मामला दर्ज किया गया है। वकील के अन्य मामले में वकालत करने पर पहले ही रोक लगा दी गई है।

‘द स्ट्रेट्स टाइम्स’ में रविवार को प्रकाशित खबर के अनुसार, रवि मदसामी नाम के वकील को एम रवि के नाम से भी जाना जाता है। उनपर शहर के केंद्र में स्थित साउथ ब्रिज रोड पर एक हिंदू मंदिर में शुक्रवार को हुई घटना को लेकर स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, सार्वजनिक रूप से गलत व्यवहार करने, उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम के तहत दो आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

खबर में बताया गया कि 54 वर्षीय वकील ने श्री मरिअम्मन मंदिर में महिला को कथित तौर पर थप्पड़ मारा था, वहीं उनपर अशिष्टता दिखाने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का भी आरोप है।

रवि को शनिवार को मेडिकल जांच के लिए मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में भेजा गया और उन्हें 29 सितंबर को अदालत में पेश किया जाएगा।

स्ट्रेट्स टाइम्स ने बताया कि वकील के खिलाफ जुलाई 2023 से इसी तरह के दो अन्य आरोप लंबित हैं। वकील को सिंगापुर की न्यायिक प्रणाली के खिलाफ ‘निराधार और गंभीर’ आरोप लगाने के लिये पांच साल के निलंबित कर दिया गया है, जो ऐसे मामलों में अधिकतम सजा है।

भाषा

अभिषेक दिलीप

दिलीप